रिम्स में टीएवीआई प्रक्रिया से बिना ओपन हार्ट सर्जरी बदला गया हृदय वॉल्व
रांची, वरीय संवाददाता। रिम्स में पहली बार ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वॉल्व इम्प्लांटेशन (टीएवीआई) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक की गई। यह झारखंड के किसी सरकारी अस्पताल में पहली सफल टीएवीआई प्रक्रिया है, जो गंभीर एओर्टिक वॉल्व रोग से पीड़ित मरीजों के लिए नई तकनीक है।

रांची, वरीय संवाददाता। रिम्स में पहली बार ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वॉल्व इम्प्लांटेशन (टीएवीआई) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक की गई। संस्थान के अनुसार, झारखंड के किसी सरकारी अस्पताल में यह पहली सफल टीएवीआई प्रक्रिया है। कार्डियोलॉजी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. मृणाल कुंज के नेतृत्व में टीम ने प्रक्रिया पूरी की। टीएवीआई गंभीर एओर्टिक वॉल्व रोग से पीड़ित मरीजों के इलाज की आधुनिक तकनीक है। इसमें ओपन हार्ट सर्जरी के बजाय कैथेटर के जरिए खराब एओर्टिक वॉल्व की जगह कृत्रिम वॉल्व लगाया जाता है। इस प्रक्रिया में कार्डियोलॉजी के साथ कार्डियक सर्जरी, एनेस्थीसिया, कैथ लैब और नर्सिंग टीम की भूमिका रही। रिम्स में इस सुविधा की शुरुआत से गंभीर एओर्टिक वॉल्व रोग से पीड़ित मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों के अस्पतालों में जाने की जरूरत कम हो सकती है। अब राज्य में ही इस तरह के जटिल वॉल्व रोग के उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा है.
संस्थान के लिए बड़ी उपलब्धि
: डॉ मृणाल कुंज
डॉ मृणाल कुंज ने कहा कि रिम्स में पहली टीएवीआई का सफल होना विभाग और संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पूरी टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आधुनिक हृदय चिकित्सा की सुविधाएं राज्य के मरीजों को रिम्स में उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो डॉ हेमंत नारायण समेत विभाग के फैकल्टी सदस्यों और सहयोगी टीम के प्रति आभार जताया।


