आज से होगी ईवीएम-वीवीपैट की जांच, डीएम ने देखा हाल
ईवीएम एवं वीवीपैट की पहली स्तर की जांच बुधवार से शुरू होने जा रही है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कलक्ट्रेट में निर्माणाधीन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह प्रक्रिया पारदर्शिता और गंभीरता के साथ की जाए। एफएलसी हॉल में केवल अधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश देने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

ईवीएम एवं वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) का कार्य बुधवार से प्रारंभ होना है। एफएलसी की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अरविन्द सिंह ने कलक्ट्रेट स्थित ईवीएम वेयरहाउस एवं एफएलसी हॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया के अनुरूप एफएलसी का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि एफएलसी हॉल में साफ-सफाई, विद्युत, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित रहें। केवल अधिकृत प्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कार्मिकों को ही एफएलसी हॉल में प्रवेश दिया जाए।
उन्होंने एफएलसी प्रक्रिया की वेबकास्टिंग की व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए। कैमरों को इस प्रकार स्थापित करने को कहा गया कि एफएलसी हॉल की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दें तथा वेबकास्टिंग की रिकॉर्डिंग को भविष्य के उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाए। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व चंद्र प्रकाश पाठक, एडीएम प्रशासन संगम लाल, निर्वाचन कार्यालय के वरिष्ठ सहायक मनोज शर्मा, रघुराज सिंह, जितेंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


