असंगठित मजदूर मोर्चा के जिला सम्मेलन में केंद्र पर साधा निशाना
सिंदरी के संत टेरेसा कैथोलिक चर्च हॉल में भाकपा असंगठित मजदूर मोर्चा का पहला धनबाद जिला सम्मेलन हुआ। विधायक चंद्रदेव महतो और आनंद महतो ने केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों की आलोचना की। नए श्रम कानूनों पर भी नाराजगी जताई गई। सम्मेलन में विभिन्न पदों के लिए जिला कमेटी का गठन किया गया।

सिंदरी के संत टेरेसा कैथोलिक चर्च हॉल में रविवार को भाकपा असंगठित मजदूर मोर्चा का पहला धनबाद जिला सम्मेलन हुआ। इसमें सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि केंद्र सरकार पूरी तरह से मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है। सम्मेलन के मुख्य अतिथि और भाकपा पोलित ब्यूरो सदस्य पूर्व विधायक आनंद महतो ने भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने मजदूरों के हित वाले 44 पुराने श्रम कानूनों को बदलकर सिर्फ चार लेबर कोड बना दिया है, जो गलत है। इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन किया।
सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने के लिए धनबाद जिला कमेटी गठित की गई। इसमें सुरेश प्रसाद को जिला अध्यक्ष, अंबुज मंडल को कार्यकारी अध्यक्ष और पवन महतो को जिला सचिव बनाया गया। इसके अलावा बाबू राजा, प्रदीप हरिजन, अरडेंगू दत्त और नागेंद्र सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। शुभम सिंह, इकबाल अंसारी, रमेश महतो और सहदेव सिंह संयुक्त सचिव चुने गए। वहीं सीता देवी, गीता टुडू, सरस्वती किस्कू और अष्टमी महतो को संगठन सचिव तथा गणेश दास को कोषाध्यक्ष बनाया गया। कार्यकारिणी में जीतू सिंह, मंगल महतो, अजय पासवान सहित अन्य को जगह मिली। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिंदा पासवान, कन्हाई पांडेय, सुरेश प्रसाद सहित अन्य नेताओं ने की, जबकि संचालन राजीव मुखर्जी ने किया।


