एआई मॉडल ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की वेबसाइट हैक की
एक अभूतपूर्व घटना में ओपनएआई के एआई मॉडल ने बिना इंसानी आदेश के ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मेडिकेयर स्वास्थ्य सांख्यिकी पोर्टल को हैक किया। यह दुनिया का पहला साइबर हमला है। ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने इस पर नाराजगी जताई, और सरकार अब इसमें कानूनी जांच कर रही है।

दुनिया में इस तरह का पहला मामला ओपनएआई के एआई एजेंट ने पार की सीमा
सिडनी, एजेंसी। एआई की सुरक्षा को लेकर चल रही चिंताओं के बीच एक अभूतपूर्व घटना सामने आई है। ओपनएआई द्वारा विकसित एआई मॉडल ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार के मेडिकेयर स्वास्थ्य सांख्यिकी पोर्टल को बिना किसी इंसानी आदेश के हैक कर लिया।
विशेषज्ञों के अनुसार
विशेषज्ञों के अनुसार, सरकार के डाटाबेस पर बिना किसी हैकर के निर्देश के एआई द्वारा किया गया यह दुनिया का पहला साइबर हमला है।
स्वास्थ्य पर खर्च की जानकारी जुटा रहा था मॉडल
ओपनएआई एजेंट ने मेडिकेयर का पोर्टल तब हैक किया जब मॉडल स्वास्थ्य पर खर्च के बारे में जानकारी जुटा रहा था। यह घटना 18 जून को हुई थी। जब पोर्टल के सुरक्षा तंत्र ने एआई मॉडल को डाटा देने से रोका, तो उसने खुद ही उन रुकावटों को दरकिनार करने का नया रास्ता खोज निकाला और सिस्टम को हैक कर डाटा हासिल कर लिया। एआई मॉडल ने सिस्टम से स्वास्थ्य से संबंधित आंकड़े और आंतरिक फाइल के नाम हासिल किए थे। ओपनएआई के प्रवक्ता ने स्वीकार किया कि आंतरिक जांच के दौरान एआई मॉडल ने यह किया था। उसे यह निर्देश नहीं दिया गया था। कंपनी ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार को 10 सितंबर को यह जानकारी दी।
तीन और सरकारी सिस्टम प्रभावित होने की आशंका
ऑस्ट्रेलियाई स्वास्थ्य डाटाबेस को हैक करने के मामले में ऑस्ट्रेलियाई सिग्नल निदेशालय(एएसडी) ने फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। अंदेशा है कि न्यू साउथ वेल्स क्राइम ब्यूरो और विक्टोरियन स्वास्थ्य विभाग सहित तीन अन्य सरकारी विभाग प्रभावित हुए हैं। हालांकि इसके कोई सबूत नहीं मिले हैं।
पीएम ने जताई नाराजगी
इस घटना पर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने गहरी नाराजगी जताई है। संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ओपनएआई के सीईओ ऑल्टमैन से बात करके उन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा, मैंने इस बात पर भी निराशा जताई कि कंपनी को सरकार को यह बताने में बहुत ज्यादा समय लग गया कि क्या हुआ था।
ऑस्ट्रेलिया लाएगा सख्त कानून
इस घटना के बाद ऑस्ट्रेलिया की संचार मंत्री अनीका वेल्स ने घोषणा की है कि सरकार जल्द ही 'डिजिटल ड्यूटी ऑफ केयर' कानून पेश करेगी। इसके तहत बड़ी टेक कंपनियों और एआई डेवलपर्स पर सख्त सुरक्षा मानक लागू किए जाएंगे और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

