श्रावणी मेला में अग्नि सुरक्षा पर सख्ती, धर्मशालाओं, पंडालों और टेंट सिटी का होगा ऑडिट
पेज चार की लीडपेज चार की लीड श्रावणी मेला में सुरक्षा से समझौता नहीं, नंगे बिजली तार और लापरवाही पर होगी कार्रवाई मेला क्षेत्र की हर दुकान में रखना होगा फा

बांका, नगर प्रतिनिधि। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मेला अवधि में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और अस्थायी व्यवस्थाओं को देखते हुए विभाग ने अग्नि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा दिशा-निर्देश
वहीं सरकारी एवं गैर-सरकारी धर्मशालाओं, पंडालों, टेंट सिटी तथा मेला क्षेत्र में लगने वाली दुकानों के लिए विशेष सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इन निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाएगी। अग्निशमन विभाग के अनुसार मेला शुरू होने से पहले सभी प्रमुख पंडालों, टेंट सिटी, धर्मशालाओं एवं अन्य अस्थायी संरचनाओं का अग्नि सुरक्षा ऑडिट कराया जाएगा।
अग्नि सुरक्षा ऑडिट
जबकि ऑडिट के दौरान अग्निशमन उपकरण, बिजली की वायरिंग, आपातकालीन निकास मार्ग तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी। इस दौरान किसी भी स्थान पर सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर संबंधित संचालकों को तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया जाएगा। जबकि लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि, मेला क्षेत्र के प्रत्येक दुकान में फायर एक्सटिंग्विशर, पानी से भरा ड्रम तथा बालू से भरी बाल्टी या बोरी रखना अनिवार्य होगा, ताकि आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर ही उसे नियंत्रित किया जा सके।
आग से बचाव के उपाय
इसके अलावा किसी भी दुकान, धर्मशाला, पंडाल या टेंट में बिजली के नंगे तार पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए अग्निशमन विभाग विशेष जनजागरूकता अभियान भी चलाएगा। इसके तहत मेला क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक, मॉक ड्रिल तथा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से आग से बचाव, आपदा के समय अपनाए जाने वाले उपाय और सुरक्षित निकासी की जानकारी दी जाएगी।
कहते हैं अधिकारी
श्रावणी मेला के दौरान अग्नि दुर्घटनाओं की किसी भी संभावना को रोकना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी धर्मशाला संचालकों, दुकानदारों, पंडाल आयोजकों और टेंट संचालकों से अपील है कि, वे विभाग द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें, ताकि लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
नागेंद्र उपाध्याय, अनुमंडल अग्निशमालय पदाधिकारी, बांका


