वॉर्मर मशीन में आग लगने से 3 नवजात झुलसे, एक की मौत
- मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में हादसा छिंदवाड़ा. एजेंसी।

- मध्य प्रदेश में छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल में हादसा छिंदवाड़ा. एजेंसी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में रखी 'वॉर्मर मशीन' में आग लगने से तीन नवजात झुलस गए। इनमें से एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई। छिंदवाड़ा में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण उसे जबलपुर रेफर किया गया था। अन्य दोंनों बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे का समय
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि यह घटना रात करीब दो बजे हुई। वॉर्मर मशीन के फिलामेंट में स्पार्किंग के बाद आग लग गई, जिससे उसमें रखे तीन नवजात झुलस गए। 'वॉर्मर मशीन' का इस्तेमाल मरीज के शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए किया जाता है।
मौत का कारण
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. कंचन दुबे ने बताया कि मरने वाली बच्ची का जन्म घटना से कुछ घंटे पहले रात करीब 10 बजे हुआ था। हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने घटना के कारणों की जांच शुरू की है।
विपक्ष की मांग
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि अस्पताल इलाज का भरोसा देते हैं, लेकिन भाजपा शासन में अस्पताल ही जान के दुश्मन बनते जा रहे हैं। सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से प्रदेश के सभी अस्पतालों का तत्काल फायर ऑडिट कराने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।


