हड़कंपः फायर ब्रिगेड टीम ने परखी पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्था
दीपावली के अवसर पर पटाखों के भंडारण और बिक्री की जांच के लिए अग्निशामक विभाग ने अभियान छेड़ा है। टीम ने बिजनौर क्षेत्र में दो पटाखा फैक्ट्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। कारोबारियों को सुरक्षा मानकों का पालन करने की चेतावनी दी गई है। यह अभियान 5 अक्टूबर से 4 नवंबर तक जारी रहेगा।

दीपावली के मद्देनजर पटाखों के भंडारण और बिक्री को लेकर फायर ब्रिगेड ने चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। फायर ब्रिगेड की टीम ने पटाखा फैक्ट्रियों में सुरक्षा व्यवस्था को परखा। बुधवार को फायर स्टेशन बिजनौर क्षेत्र में टीम ने दो स्थानों पर आतिशबाजी से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान से पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। अपर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन तथा आपात सेवा लखनऊ के निर्देश पर जिले में पांच अक्टूबर से चार नवंबर तक पटाखा बनाने, बेचने और भंडारण करने वाले स्थानों का फायर ऑडिट और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को फायर स्टेशन बिजनौर क्षेत्र में बिजनौर के एफएसओ शीशपाल सिंह के नेतृत्व में दो पटाखा फैक्ट्रियों की जांच की।
टीम ने मौजा चांदपुर फेरू में आतिशबाजी विक्रेता इकबाल अहमद पुत्र सफीकुद्दीन निवासी चेनपुर, कस्बा बहसूमा, मेरठ के प्रतिष्ठान की जांच की। उनके पास आतिशबाजी का लाइसेंस संख्या 147 है। जिसकी वैधता नौ दिसंबर 2026 तक है। इसके साथ ही नितिन राजपूत पुत्र अनिल कुमार निवासी पुंडरी खुर्द, थाना नांगल सोती के प्रतिष्ठान की जांच की गई। उनका लाइसेंस संख्या 180/2026 है, जिसकी वैधता 14 जुलाई 2031 तक है।फायर टीम ने अभियान के दौरान सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। अधिकारियों ने पटाखा कारोबारियों को आग और विस्फोट से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

