वंचित छात्रों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का मिलेगा लाभ
प्रयागराज में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य वर्गों के छात्रों के लिए पोर्टल खोला गया है। शैक्षणिक संस्थानों को समय-सारणी के अनुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। धनराशि अंतरण अक्टूबर में किया जाएगा।

प्रयागराज, प्रमुख संवाददाता। वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिक्षण संस्थाओं से आवेदन अग्रसारित न होने या किसी अन्य कारणों से छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रह गए छात्रों को राहत मिलेगी। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र छात्रों के भुगतान के लिए शासन ने पोर्टल खोलने के साथ नई समय-सारिणी जारी की है।जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने को कहा है। सात सितंबर तक शिक्षण संस्थानों को मास्टर डाटा तैयार करना होगा। आठ सितंबर तक विश्वविद्यालय या कॉलेज को फीस का सत्यापन, तीन से नौ सितंबर तक जिला समाज कल्याण अधिकारी को फीस का सत्यापन, तीन से 10 सितंबर तक रिजल्ट अपलोड करना होगा, 11 से 15 सितंबर तक स्क्रूटनी होगी, 16 से 18 सितंबर तक सुधार, 17 से 25 सितंबर तक डेटा लॉक, 26 से 28 सितंबर तक मांग सृजन और 29 सितंबर से दो अक्टूबर तक पात्र छात्रों के खातों में धनराशि अंतरण की कार्रवाई की जाएगी।


