नई टिहरी में महिलाओं को दिया जा रहा वित्तीय समावेशन का प्रशिक्षण
नई टिहरी में एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा वित्तीय समावेशन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जो 19 जुलाई तक चलेगा। इसमें 32 महिलाएं भाग ले रही हैं। प्रशिक्षण में वित्तीय साक्षरता, स्मार्ट बचत, ऋण प्रबंधन, निवेश इत्यादि का ज्ञान दिया जाएगा, जिससे स्वयं सहायता समूहों की क्षमता में सुधार होगा।
नई टिहरी। आरसेटी के निदेशक दीपक कोठियाल ने बताया कि एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नई टिहरी के तत्वाधान में वित्तीय समावेशन (एफएल-सीआरपी) प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। जो कि आगामी 19 जुलाई तक चलेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों की 32 महिलायें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी जा रही है। इसमें स्मार्ट बचत, परिपक्वतापूर्ण ऋण प्रबंधन, बुद्धिमत्तापूर्ण व्यय, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, निवेश तथा अन्य वित्तीय सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण पहलुओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण उपरांत प्रशिक्षित वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को वित्तीय साक्षरता सम्बन्धी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
जिससे स्वयं सहायता समूहों की कार्यक्षमता एवं वित्तीय प्रबंधन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ ग्राम स्तर पर वित्तीय जागरूकता का व्यापक प्रसार होगा। डीडीओ असलम ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करते हुए प्राप्त जानकारी का अधिकाधिक लाभ उठाने को कहा।


