जिले में पंचायत चुनाव के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची जारी
मधुबनी में पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची प्रकाशित की गई है। वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर विभिन्न पदों के लिए कुल 5334 निर्वाचन क्षेत्र तय किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

मधुबनी, निज संवाददाता। जिले में पंचायत आम निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची सोमवार को प्रकाशित कर दी गई। राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार के निर्देश पर वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर ग्राम पंचायत सदस्य, पंच, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए गठित निर्वाचन क्षेत्रों का अंतिम प्रकाशन सभी निर्धारित स्थलों पर किया गया। जिला प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार सभी निर्वाची पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारियों से प्राप्त प्रतिवेदनों के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची तैयार की गई। इसके बाद 15 जून को जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर निर्धारित स्थलों पर इसका प्रकाशन सुनिश्चित किया गया।
जिले में ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम कचहरी पंच पद के लिए कुल 5334 निर्वाचन क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं मुखिया और सरपंच पद के लिए 386 निर्वाचन क्षेत्र प्रकाशित किए गए हैं। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 543 तथा जिला परिषद सदस्य पद के लिए 56 निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची जारी की गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम सूची का प्रकाशन पंचायत चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इससे आगामी चुनावी गतिविधियों, आरक्षण निर्धारण, मतदाता सूची संबंधी कार्यों तथा अन्य चुनावी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया है। अंतिम सूची प्रकाशित होने के साथ ही जिले में पंचायत चुनाव की प्रशासनिक तैयारियां और तेज हो गई हैं।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें


