मिडिल स्कूल ब्रह्मस्थान में हर्षोल्लास से मना जन्माष्टमी महोत्सव
भगवानपुर हाट के राजकीयकृत मध्य विद्यालय ब्रह्मस्थान में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव मनाया गया। छात्राओं ने राधा- कृष्ण की बाल लीलाओं और गोपियों की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को भक्ति रस में सराबोर किया। प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की उपस्थिति में इस आयोजन ने भारतीय संस्कृति के प्रति जुड़ाव को सुदृढ़ किया।

भगवानपुर हाट, एक संवाददाता। प्रखंड क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय ब्रह्मस्थान में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को ब्रजधाम जैसा बना दिया। कार्यक्रम के दौरान राधा- कृष्ण की बाल लीलाओं और गोपियों की भावपूर्ण भूमिकाओं ने उपस्थित लोगों का मनमोह लिया। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण व राधा की भूमिका की प्रस्तुति में कुमारी रिया व साक्षी ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। वहीं दिव्या, रोशनी, रितिका, रोशनी, करिश्मा, ज्योति, संध्या, शिवानी और सोनम ने गोपियों की भूमिका का प्रभावशाली निर्वाह किया। छात्राओं की भावभंगीमा, वेशभूषा और प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्ति रस से सराबोर कर दिया।
छात्राओं की जीवंत प्रस्तुतियों से विद्यालय परिवार भाव विभोर और उत्साहित नजर आया। इस आयोजन ने बच्चों में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव को सुदृढ़ किया। मौके पर प्रधानाध्यापक विनोद कुमार शुक्ला, शिक्षक श्रीकांत सिंह, राजन मणि त्रिपाठी, गणेश कुमार पांडेय, इम्तियाज अहमद, तनवीरुल होदा, सुल्ताना अब्बासी, सुजाता कुमारी, पुष्पा कुमारी, पल्लवी कुमारी, बबिता कुमारी, राधिका व अन्य लोग उपस्थित थे।


