पूर्णिया महिला कॉलेज की छात्राओं ने युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन
पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-दो की छात्राओं ने जिला स्तरीय सात दिवसीय युवा आपदा मित्र 2

पूर्णिया, हिन्दुस्तान संवाददाता। पूर्णिया महिला महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-दो की छात्राओं ने जिला स्तरीय सात दिवसीय युवा आपदा मित्र 2024 प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई दो की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रुचि गौड़ के नेतृत्व में महाविद्यालय की 21 स्वयंसेविकाओं ने पूर्णिया कॉलेज में 8 से 14 जुलाई तक आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं मूल्यांकन में महाविद्यालय की छात्राओं ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। रीति ने तृतीय, पूनम कुमारी ने चतुर्थ, विभा कुमारी ने सप्तम तथा पायल कुमारी ने नवम स्थान प्राप्त कर पदक एवं शील्ड हासिल की।
छात्राओं की इस उपलब्धि ने महाविद्यालय का नाम जिले में गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनंत प्रसाद गुप्ता ने सभी प्रतिभागी छात्राओं एवं विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन की सबसे बड़ी वाहक है। अनुशासन, सेवा-भाव और निरंतर परिश्रम से छात्र-छात्राएं न केवल अपने संस्थान, बल्कि समाज और राष्ट्र का भी नाम रोशन कर सकते हैं। आपदा प्रबंधन जैसे प्रशिक्षण युवाओं में नेतृत्व, सेवा और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. रुचि गौड़ ने कहा कि युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन संबंधी व्यावहारिक कौशल के साथ-साथ सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, टीम भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्राओं के समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि महाविद्यालय की अन्य छात्राओं को भी समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगी।महाविद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने विजेता छात्राओं सहित सभी प्रतिभागी स्वयंसेविकाओं को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


