पत्नी को फंसाने के लिए पिता ने कराया था बेटे का अपहरण
एक पिता ने पत्नी पर दबाव बनाने के लिए अपने तीन साल के बेटे के अपहरण की साजिश रची। उसने अपने दोस्त की मदद से बच्चे को उत्तराखंड भेजा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सच्चाई सामने आई और पिता तथा दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। बच्चे को सकुशल बचा लिया गया।

पारिवारिक विवाद में पत्नी पर दबाव बनाने के लिए एक पिता ने अपने ही साढ़े तीन साल के बेटे के अपहरण की साजिश रच डाली। उसने दोस्त की मदद से बच्चे को उत्तराखंड के सितारगंज भेज दिया और थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति पर बेटे के अपहरण का आरोप लगा दिया। पुलिस की जांच में जब साजिश की परतें खुलीं तो पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह के मुताबिक, नगर की हंस बिहार कॉलोनी निवासी विकास कुमार ने छह सितंबर को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके साढ़े तीन वर्षीय बेटे कार्तिक का अपहरण कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। जांच आगे बढ़ी तो विकास की भूमिका ही संदिग्ध नजर आने लगी। पुलिस के मुताबिक, विकास की दो पत्नियां हैं। उसकी दूसरी पत्नी विनीता उर्फ तरन्नुम 19 अगस्त को घर से चली गई थी। विकास ने 21 अगस्त को उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। विवेचना में सामने आया कि पत्नी को वापस लाने और उसके मायके वालों पर दबाव बनाने के इरादे से विकास ने अपने दोस्त शम्भू निवासी भकसौरा, थाना खजुरिया के साथ मिलकर बच्चे के अपहरण की कहानी गढ़ी थी。
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से सामने आई सच्चाई
बच्चे की तलाश के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को विकास की गतिविधियों पर शक हुआ। इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने उसे नवीन मंडी के जीरो प्वाइंट से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में विकास ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसके बताए अनुसार पुलिस टीम ने उत्तराखंड के सितारगंज में दबिश देकर कार्तिक को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में विकास के साथी शम्भू को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी बरामद किए गए हैं। आरोपी पिता और उसके दोस्त के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक योगेश कुमार सिंह, कांस्टेबल कपिल कुमार, विकास गौतम और महिला कांस्टेबल अलका शामिल रहीं।
बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
-एसपी अनिल कुमार सिंह


