सात लाख मांगने और अपशब्द बोलने पर की थी बेटी की हत्या
रामपुर में लव मैरिज करने वाली आशिया बी की हत्या उसके पिता ने की। बेटी द्वारा सात लाख रुपये मांगने और अभद्र भाषा के प्रयोग के कारण पिता ने लोहे की रॉड से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या की इस सनसनीखेज वारदात की छानबीन जारी है।

रामपुर में लव मैरिज करने वाली आशिया बी की हत्या उसके पिता ने ही की थी। बेटी द्वारा सात लाख रुपये मांगने और कहासुनी के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने पर आक्रोशित पिता ने लोहे की रॉड से सिर पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया था। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सोमवार को सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड, मृतका का मोबाइल फोन और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अजीतपुर निवासी हबीब अहमद की बेटी आशिया बी की करीब एक साल पहले मुरादाबाद के दलपतपुर निवासी हमजा से कोर्ट मैरिज हुई थी। हमजा काम के सिलसिले में दिल्ली के मालवीयनगर में रहते हैं, लिहाजा आशिया बी उनके साथ वहीं रहने लगी थीं। 18 अगस्त को आशिया दिल्ली से अपने मायके आई थीं। इसके दो दिन बाद 20 अगस्त को उनकी मौत हो गई थी।
मायके वालों ने आशिया की मौत की जानकारी उसके पति हमजा को नहीं दी
मायके वालों ने आशिया की मौत की जानकारी उसके पति हमजा को नहीं दी। परिजनों ने शव को भोट थाना क्षेत्र के पैतृक गांव अहमदनगर तराना में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। पत्नी की मौत की जानकारी मिलने पर हमजा दिल्ली से रामपुर पहुंचे। उन्होंने छह सितंबर को आशिया की हत्या की आशंका जताते हुए शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की। पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद हमजा की तहरीर पर हबीब अहमद, अलीशान, फैजुल्लरहमान और समीना बेगम के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। हत्याकांड की जांच के दौरान सिविल लाइंस पुलिस ने वैज्ञानिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की गई।
सात लाख रुपये मांगने पर हुई थी कहासुनी
पुलिस के मुताबिक, आशिया ने पिता से सात लाख रुपये मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। बातचीत के दौरान आशिया ने पिता से अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे हबीब अहमद आक्रोशित हो गया। उसने पास में पड़ी लोहे की रॉड उठाकर आशिया के सिर पर वार कर दिया। पुलिस के अनुसार, गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
छोटी बेटी बोली..पिता ने ही की हत्या
रामपुर। पूछताछ में छोटी बेटी ने पिता द्वारा हत्या करने की बात भी कहीं थीं। उपनिरीक्षक दिलीप कुमार ने बताया कि साक्ष्य एकत्र किए थे। मृतका की छोटी बहन से भी पूछताछ की गईं थीं। उसने भी पिता द्वारा हत्या करने की बात कहीं हैं।
हत्या के वक्त घर में अकेला था हबीब
पुलिस की जांच में सामने आया कि हत्या के समय हबीब अहमद घर पर अकेला था। परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। उसके दोनों बेटे भी काम के लिए बाहर गए हुए थे। पुलिस को जांच में अन्य नामजद लोगों की हत्या में भूमिका नहीं मिली है। अब पुलिस उनकी भूमिका न पाए जाने के आधार पर मुकदमे से उनके नाम हटाने की कार्रवाई में जुटी है।
विवाहिता के पति ने आकर शिकायत की थीं। जिसके आधार पर उसका शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया था। इस प्रकरण में केस दर्ज किया गया था। हत्याकांड में विवाहिता के पिता को गिरफ्तार किया गया है। रूपए मांगने और अभद्र भाषा बोलने के कारण आक्रोश में आकर उसके पिता ने लोहे की रॉड से हमला कर हत्या की थीं। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
-अभिषेक श्रीवास्तव,सीओ सिटी।


