हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत
हाईवे पर ट्रक की टक्कर से दो बाइक सवारों की मौत

सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर शुक्रवार को सड़क हादसे में ट्रक की टक्कर से अलीगढ़ निवासी बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंसकर घिसटती चली गई, जिससे आग लग गई और आग ने ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया। चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।बुलंदशहर की ओर से दिल्ली जा रहे बाइक सवारों को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनकी बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटने के बाद उसमें आग लग गई।
देखते ही देखते आग ट्रक तक पहुंच गई। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम और लोगों ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 40 वर्षीय कुशलपाल और 55 वर्षीय सोबीर निवासी गांव उतरा जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस को यातायात सुचारू करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।


