ट्रेलर वाहन के धक्के से पिकअप पलटी, चालक की मौत
मंडवार की रात कंदवा थाना क्षेत्र के धमिना गांव के पास सड़क दुर्घटना में पिकअप चालक अजय चौहान की मौत हो गई। पिकअप को पीछे से ट्रेलर ने टक्कर मारी, जिससे पिकअप पलट गई और ट्रेलर भी उस पर गिर गया। पुलिस ने चालक का शव बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

धीना, हिंदुस्तान संवाद। कंदवा थाना क्षेत्र के धमिना गांव के पास सैयदराजा-जमानिया मार्ग पर सोमवार की देर रात सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। हादसा कंदवा थाना से करीब 200 मीटर दूर हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पिकअप के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना सोमवार की देर रात को हुई। मंगलवार की सुबह जानकारी होने पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई। बलुआ थाना क्षेत्र के पपौरा गांव का निवासी अजय चौहान वाराणसी की सब्जी मंडी से पिकअप पर मिर्च लादकर जमानिया की ओर जा रहा था।
इसी दौरान उसके पीछे गिट्टी लदा ट्रेलर भी जमानिया की ओर जा रहा था। कंदवा थाना से करीब ट्रेलर ने पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान ट्रेलर का भी संतुलन बिगड़ गया और वह पिकअप के ऊपर पलट गया। हादसे में पिकअप चालक अजय चौहान ट्रेलर और पिकअप के बीच दब गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर कंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से मशीन की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा रहा।

