दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, दूसरा बाल-बाल बचा
झंझारपुर के एनएच 27 पर शुक्रवार शाम को हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक टटुआर पंचायत का निवासी था, जो अपने साथी के साथ बाइक पर यात्रा कर रहा था। अज्ञात ट्रॉली ट्रक से टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

झंझारपुर, निज संवाददाता। एनएच 27 पर झंझारपुर और सकरी के बीच शुक्रवार देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक बाल-बाल बच गया। यह हादसा सखबार-सरिसव पाही कट के पास घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मनीगाछी प्रखंड की टटुआर पंचायत के कर्मी के रूप में होने की बात कही जा रही है। वह टटुआर के जगन्नाथपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। दुर्घटना के वक्त वह अपने साथी के साथ बाइक से यात्रा कर रहा था, तभी किसी अज्ञात ट्रॉली ट्रक से उनकी गाड़ी की सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा साथी बच गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच चुकी हैं। भैरवस्थान के थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी के अनुसार, शुरुआती जांच में किसी बड़े ट्रॉली ट्रक सेटकराने की बात सामने आई है। पंडौल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।


