हादसे में जख्मी निजी फाइनेंस बैंक के अधिकारी की गई जान
मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 31 वर्षीय गंगाराम की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह निजी बैंक में फाइनेंस अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। बाइक हादसे में बुरी तरह जख्मी होने के बाद उन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। परिवार में शोक की लहर है।

संजय लाला,दरभंगा। मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में जख्मी थाना क्षेत्र के धनौजा गांव निवासी सोनफी राम के पुत्र गंगाराम (31) की मौत इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह अललपट्टी के एक निजी अस्पताल में हो गई। वे निजी बैंक में फाइनेंस अधिकारी के रूप में कार्यरत थे। बेंता थाने की पुलिस ने डीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम कराया। परिसर में मौजूद मृतक के पिता सोनफी राम ने बताया कि रोज की तरह वे ड्यूटी खत्म होने के बाद दो सितंबर की शाम बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मधुबनी-साहरघाट एसएच के मलहा मोड़ के पास दूसरी बाइक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर में वे बुरी तरह जख्मी हो गये।
स्थानीय लोगों ने उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल, बेनीपट्टी में भर्ती कराया। वहां से रेफर करने पर उन्हें डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। बेहतर उपचार की उम्मीद में उन्हें अललपट्टी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि गंगाराम तीन भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। उसका विवाह पिछले वर्ष नवंबर महीने में हुआ था। हादसे की जानकारी से परिवार में मातम पसरा है।


