अवैध अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामा
अवैध अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामा अवैध अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत, हंगामाअवैध अस्पताल में ऑपरेशन के बाद जच्
सोनभद्र, संवाददाता। रॉबर्ट्सगंज नगर के इमरती कॉलोनी स्थित अवैध रूप से संचालित सिंह हेल्थ केयर अस्पताल में शुक्रवार को ऑपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अस्पताल को सील कर दिया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बेलखुरी गांव निवासी 35 वर्षीय मीना देवी पत्नी राजेश कुमार को गुरुवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे थे।
उपचार के दौरान चिकित्सकों ने महिला की स्थिति गंभीर बताते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया। मृतका के पति राजेश कुमार का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज से बाहर निकलते ही एक दलाल मिला, जिसने वाराणसी ले जाने के बजाय इमरती कॉलोनी स्थित सिंह हेल्थ केयर अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी। आरोप है कि दलाल ने महिला को टोटो से उक्त अस्पताल पहुंचाया, जहां मौजूद चिकित्सक ने प्रसूता की हालत सामान्य बताते हुए सामान्य प्रसव का भरोसा दिया और एक यूनिट रक्त चढ़ाने की आवश्यकता बताई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से जुड़े एक व्यक्ति ने 6200 रुपये लेकर बाहर से रक्त की व्यवस्था कराई। शुक्रवार को महिला का ऑपरेशन किया गया, जिसमें मृत नवजात का जन्म हुआ। आरोप है कि ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद महिला की भी अस्पताल में मौत हो गई। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने महिला को ऑक्सीजन सपोर्ट पर एंबुलेंस से वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल भेज दिया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद परिजनों को बताया कि महिला की मौत पहले ही हो चुकी थी। इसकी जानकारी मिलते ही परिजन शाम को शव लेकर वापस सिंह हेल्थ केयर अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची। पंजीकरण के नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव ने जांच के दौरान अस्पताल को अवैध रूप से संचालित पाया, जिसके बाद तत्काल उसे सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


