एंबुलेंस समेत तीन वाहनों की भिड़ंत, दो घायल
दोस्तपुर, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। नीलगाय से टकराने के बाद एक कार एंबुलेंस से भिड़ी, जिसमें दो लोग घायल हुए। हादसे के समय एंबुलेंस में चालक बाल-बाल बच गया। यूपीडा की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।

दोस्तपुर, संवाददाता। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 160.300 के पास दोस्तपुर टोल के निकट बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे सड़क हादसा हो गया। सड़क पर मृत पड़ी नीलगाय से टकराने के बाद एक कार सामने खड़ी एंबुलेंस से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार दो लोगों को हल्की चोटें आईं। यूपीडा के अनुसार सड़क पर किसी वाहन की टक्कर से एक नीलगाय की मौत हो गई थी और उसका शव सड़क पर पड़ा था। इसी दौरान लखनऊ से सीवान जा रही कार नीलगाय से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंस से जा भिड़ी। हादसे में कार चालक लखनऊ के वृंदावन योजना निवासी प्रभात कुमार और उनके साथी प्रदीप तिवारी घायल हो गए।
दोनों का दोस्तपुर सीएचसी में इलाज कराया गया। एंबुलेंस चालक हादसे में बाल-बाल बच गया। एंबुलेंस में टक्कर के बाद कार ने लखनऊ से गोरखपुर जा रही एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। हालांकि दूसरी कार में सवार लोगों को कोई चोट नहीं आई। हादसे की सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया।


