सड़क हादसे में युवक की जान गई
पलवल में गदपुरी थाना के अंतर्गत, गांव धतीर के समीप एक कंटेनर और गाड़ी के बीच टक्कर में 22 वर्षीय विकास की मौत हो गई। आरोपी चालक मौके से भाग गया। विकास अपनी रात की ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। उसकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है, क्योंकि वह माता-पिता का इकलौता बेटा था।

पलवल,अजित कुमार। गदपुरी थाना अंतर्गत सोहना रोड पर गांव धतीर के समीप कंटेनर और गाडी की आमने सामने की टक्कर हो गई जिसमें 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरोपी चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। धतीर पुलिस चौकी इंचार्ज अमित ने बताया कि गांव कुशलीपुर निवासी विकास गुरूग्राम स्थित निजी कंपनी में काम करता था। रात की ड्यूटी करके अपनी गाडी में सवार होकर सोहना रोड़ होते हुए अपने घर के लिए आ रहा था। जब वह शनिवार की सुबह गांव धतीर के समीप पहंुचा तभी सामने से आ रहे एक केंटर ने उसकी गाडी में टक्कर मार दी जिससे गाडी में बैठे विकास की मौत हो गई।
जैसे ही घटना की सूचना पुलिस को मिली तुरंत मौके पर पहुंची और मदद की। टक्कर से गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। शव को गाड़ी से बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया है।मृतक विकास अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। घर में उसकी दो बहनें हैं। बताया गया कि दिसंबर माह में उसकी एक बहन की शादी है। विकास की मौत की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में सन्नाटा छा गया। दोनों बहनों और माता पिता का रो रोकर बुरा हाल हो गया। गांव वाले और परिवार वाले सांत्वना देते रहे। घर में अकेला कमाने वाला था दोनों बहनों की शादी और परिवार का भी बोझ उसके ऊपर था।


