डंपर-कंटेनर की भिड़ंत, डंपर में लगी आग से दो चालक घायल
हरदोई जिले में शुक्रवार तड़के मल्लावां कोतवाली के राघौपुर क्षेत्र में डंपर और कंटेनर में टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन सड़क पर फंस गए, जिससे लंबा जाम लग गया। कंटेनर चालक और डंपर चालक गंभीर घायल हुए। पुलिस ने क्रेन से वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य किया।
हरदोई, संवाददाता। हरदोई जिले में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर शुक्रवार तड़के मल्लावां कोतवाली के राघौपुर क्षेत्र में डंपर और कंटेनर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया, जबकि डंपर में आग लग गई। दोनों वाहनों के सड़क पर फंस जाने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। हादसा शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे साधौपुरवा गांव के सामने हुआ। बिलग्राम की ओर से कन्नौज जा रहे कंटेनर की सामने से गिट्टी लादकर आ रहे डंपर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कंटेनर पलट गया और डंपर में आग लग गई। हादसे में कंटेनर चालक अवधेश (50) पुत्र दामोदर निवासी भागपुर थाना बागवाला, जनपद एटा व डंपर चालक रवि (35) पुत्र ब्रह्मानंद निवासी मुरैना जनपद इटावा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल कन्नौज भिजवाया। इसके बाद क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका。
यातायात किया गया डायवर्ट
कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बिलग्राम की ओर से आने वाले भारी वाहनों को तेरवा कुल्ली होकर राघौपुर मार्ग से तथा कन्नौज की ओर से आने वाले वाहनों को बक्सीपुरवा मोड़ से डायवर्ट कराया गया। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।


