दुखद वृंदावन से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत
दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर होडल के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई, जिससे दो युवकों की मौत हुई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में एक महिला भी घायल हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पलवल, केशव भारद्वाज। दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर होडल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और करीब 15 फीट उछलकर दूसरी लेन में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी कार में सवार एक महिला भी घायल हुई है। पुलिस के अनुसार गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) के दादरी निवासी हिमांशु (19) शनिवार रात करीब 8:00 बजे अपने दोस्तों निशांत (सूरजपुर निवासी), शिवम (जुनपथ निवासी), एक अन्य निशांत और लक्की (सादोपुर निवासी) के साथ कार से वृंदावन और कोकिलावन शनिदेव के दर्शन के लिए निकले थे। रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दर्शन कर वापस लौटते समय होडल थाना क्षेत्र में उनकी वरना कार अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर दूसरी लेन में जाकर सामने से आ रही एक कार पर जा गिरी.
दुर्घटना का परिणाम
हादसा इतना भीषण था कि हिमांशु और निशांत की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिवम, दूसरे निशांत और लक्की गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला नागरिक अस्पताल, पलवल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हिमांशु और निशांत को मृत घोषित कर दिया। तीनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए नोएडा रेफर कर दिया गया।
दूसरी कार का चालक
दूसरी कार के चालक आकाश पवार, निवासी वृंदावन, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी पत्नी ज्योति और बेटे शिवास के साथ दिल्ली से वृंदावन जा रहा था। तभी अचानक डिवाइडर पार कर एक तेज रफ्तार वरना कार उनकी गाड़ी पर आ गिरी। हादसे में उनकी पत्नी ज्योति घायल हो गई। पुलिस ने मामलेकी जांच शुरू कर दी है।


