हादसे में घायल किसान ने इलाज के दौरान दम तोड़ा
ठाकुरद्वारा के बाजपुर में शुक्रवार को रामराज रोड पर दो बाइकों में भयंकर भिड़ंत हो गई। इसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। 40 वर्षीय सुरेश की इलाज के दौरान रविवार को मौत हो गई। इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ठाकुरद्वारा। बाजपुर के रामराज रोड पर ग्राम किशनपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रामपुर घोगर निवासी किसान की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई है। ग्राम रतनपुरा निवासी 30 वर्षीय शुभम पुत्र नेतराम शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से बाजपुर से अपने घर लौट रहा था। बाजपुर में रामराज रोड पर ग्राम किशनपुर स्थित एक स्टोन क्रशर के पास पहुंचते ही सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में शुभम के अलावा दूसरी बाइक पर सवार कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर घोगर निवासी 40 वर्षीय सुरेश पुत्र रामप्रसाद और उसका बेटा 20 वर्षीय रवि भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. तैयब ने बताया कि सुरेश की हालत गंभीर थी जिन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान सुरेश की रविवार की सुबह मौत हो गई। उनका शव गांव में पहुंचा तो कोहराम मच गया। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल चौहान और उनके बेटे लक्ष्य ग्रुप के अध्यक्ष अमित चौहान ने गांव में पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।


