ओवरटेक के चक्कर में बस से भिड़ी बाइक, युवक की मौत
हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र में रक्षाबंधन पर सामान लेकर लौट रहे बाइक सवारों का हादसा हुआ। ओवरटेक के दौरान बाइक एक रोडवेज बस से टकराई, जिसके बाद सामने से आ रही कार से भी टकरा गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर घायल हैं।

हरदोई। रक्षाबंधन पर सामान खरीदकर घर लौट रहे बाइक सवारों की बाइक शुक्रवार रात सुरसा थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। सेमरा और मझिला पुल के पास फतियापुर में ओवरटेक के दौरान बाइक रोडवेज बस से छू गई। इसके बाद सामने से आ रही कार से टकरा गई। पीछे से आ रहा स्कूटी सवार भी चपेट में आ गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक और स्कूटी सवार गंभीर घायल हो गए। सांडी थाना क्षेत्र के हसौलिया गांव निवासी 35 वर्षीय गुड्डू शुक्रवार शाम पड़ोसी गांव सहोरा निवासी 25 वर्षीय पुनीत के साथ रक्षाबंधन का सामान खरीदकर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े सात बजे फतियापुर के पास उन्होंने रोडवेज बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तभी बाइक का हैंडल बस से छू गया और बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से भिड़ गई। पीछे से आ रहे स्कूटी सवार सुरजीत भी बाइक की चपेट में आ गए। एंबुलेंस से तीनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां डॉक्टरों ने गुड्डू को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में पुनीत और सुरजीत को लखनऊ रेफर किया गया। पुनीत को परिजन लखनऊ ले गए, जबकि सुरजीत को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरसा थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है。
राखी का सामान लेकर लौट रहे थे गुड्डू-पुनीत
गुड्डू और पुनीत रक्षाबंधन के लिए सामान खरीदकर बाइक से घर लौट रहे थे। परिवार में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर पहुंचते ही घर में मातम छा गया। गुड्डू की मौत से परिवार की खुशियां गम में बदल गईं।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे सुरजीत
बिलग्राम निवासी सुरजीत रेलवेगंज में राखी की दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। फतियापुर के पास वह हादसे की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज से निजी अस्पताल ले गए।


