रोडवेज की टक्कर से घायल ईको चालक की अस्पताल में मौत
मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात तेज रफ्तार बस ने इको को टक्कर मारी, जिसमें इको चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

मक्खनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात तेज रफ्तार से दौड़ती रोडवेज बस ने इको में टक्कर मार दी थी। हादसे में ईको चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची थी, जहां उपचार के दौरान चालक की मौत हो गई। थाना खैरगढ़ के गांव पृथ्वीपुर निवासी 24 वर्षीय गिरीश पुत्र भीष्मपाल सोमवार को गांव के ही अपने दोस्त 28 वर्षीय प्रवेश पुत्र बाचाराम, 22 वर्षीय अक्षय पुत्र अमरपाल के साथ नगला मान सिंह गांव स्थित अपने खेत से गांव वापस लौट रहा था। उन्होंने रूपसपुर कट पर ईको गलत साइड से निकाली थी।
उसी दौरान शिकोहाबाद की ओर से तेज गति से दौड़ती आ रही फाउंड्री नगर डिपो की रोडवेज बस ने ईको में टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ईको को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई और डिवाइडर पर लगे लोहे के खंभे से टकराकर रुकी थी हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया था। थाना प्रभारी चमन शर्मा ने बताया कि रोडवेज बस ने ईको में टक्कर मार दी थी। हादसे में ईको चालक की मौत हो गई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। तहरीर के आधार पर रोडवेज बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


