बस चालक की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज
आगरा जनपद के इरादतनगर थाना क्षेत्र के गढ़ी नौहवार गांव के निवासी जीवन कुमार की मौत 28 अगस्त को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक अनियंत्रित ट्रक की टक्कर से हुई। घटना के समय वे बस रोककर लघुशंका के लिए उतरे थे। उन्हें सैफई में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

सौरिख, संवाददाता। आगरा जनपद के इरादतनगर थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी नौहवार निवासी जीवन कुमार पुत्र शिव सिंह जो आगरा फोर्ट डिपो में रोडवेज बस चालक के पद पर तैनात थे, की आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसे में मौत हो गई थी। घटना 28 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे की है, जब वह लखनऊ से बस लेकर आगरा की ओर जा रहे थे। बताया गया कि सकरावा थाना क्षेत्र में किलोमीटर 146 के पास चालक जीवन कुमार बस रोककर लघुशंका के लिए नीचे उतरे थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें तत्काल मिनी पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक ड्राइवर के बेटे रवि की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


