अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दूसरा गंभीर
फुलपरास में सिजौलिया गाड़ाटोल के समीप एनएच-27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार अशोक राय की मौत हो गई। घायल गंगाराम पासवान को गंभीर स्थिति में दरभंगा रेफर किया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

फुलपरास,एक संवाददाता। थाना क्षेत्र के सिजौलिया गाड़ाटोल के समीप एनएच-27 पर बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया।
घटनास्थल का विवरण
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मुद्दीनापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलीनेपुर निवासी अशोक राय (36 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान अररिया जिले के अररिया संग्राम थाना क्षेत्र के चनौरागंज निवासी गंगाराम पासवान (50 वर्ष) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति देर रात बाइक से चनौरागंज जा रहे थे। इसी दौरान सिजौलिया गाड़ाटोल के समीप एनएच-27 पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही फुलपरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़े दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद अशोक राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल गंगाराम पासवान की प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच, दरभंगा रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी हुई है।


