हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव बाईपास पर देर रात एक सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक चालक अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथी लवलेश गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें बरेली रेफर किया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव बाईपास के पास देर रात एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रामपुर से चिकित्सकों ने उसे बरेली रेफर कर दिया है। रात्रि में लगभग 1:30 बजे दो व्यक्ति बाइक पर सवार होकर रुद्रपुर से रामपुर की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नैनीताल हाईवे स्थित नया गांव बाईपास के निकट पहुंची, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में बाइक चालक अनिल 26 वर्षीय पुत्र लालाराम निवासी गांव गुलड़िया तहसील मिलक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठा लवलेश 18 वर्षीय पुत्र चंद्रपाल निवासी गांव हलदुआ थाना केमरी गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख़ पुकार सुनकर घटना स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों समेत राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और वहां से जिला अस्पताल भिजवा दिया। लेकिन, जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने घायल की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर कर दिया गया। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद भी पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


