ट्रक में पीछे से घुसी एक्सयूवी, चालक की मौत,
मिर्जापुर, संवाददाता मिर्जापुर-वाराणसी हाईवे पर पड़री के कपसौर गांव के सामने गुरुवार

मिर्जापुर, संवाददाता मिर्जापुर-वाराणसी हाईवे पर पड़री के कपसौर गांव के सामने गुरुवार सुबह तेज रफ्तार एक्सयूवी आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में एक्सयूवी चालक की मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दो अन्य युवकों को मामूली चोट आई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के चौरहटा थाना क्षेत्र के किटवरिया गांव निवासी अखिल तिवारी (36) पुत्र रामायण प्रसाद अपने साथी साहिल (26), कृष्ण मुरारी मिश्रा (30) पुत्र उमेश मिश्रा निवासी केवरी, थाना गढ़ और शुभांशु पांडेय (26) पुत्र प्रकाश पांडेय निवासी गायत्री नगर, रीवा के साथ वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करने गए थे।
दर्शन के बाद चारों एक्सयूवी से रीवा लौट रहे थे।सुबह लगभग छह बजे उनकी कार पड़री थाना क्षेत्र के कपसौर गांव के सामने पहुंची। उसी दौरान सर्विस रोड से एक ट्रक हाईवे पर आ रहा था। तेज रफ्तार एक्सयूवी ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चारों युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पड़री पुलिस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने अखिल तिवारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल साहिल को प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं कृष्ण मुरारी मिश्रा और शुभांशु पांडेय को मामूली चोट आई है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

