कानपुर में हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुसी स्कार्पियो, तीन की मौत
कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कार्पियो अनियंत्रित होकर एक खड़े ट्रक में घुस गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है।

कानपुर। कानपुर - प्रयागराज हाईवे वाहन चालकों की अराजकता के चलते एक बार फिर खून से लाल हो गया। हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से स्कार्पियो घुस गई।दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। कानपुर - प्रयागराज हाईवे पर सोमवार सुबह लगभग छह बजे रूमा से महाराजपुर की तरफ एक स्कार्पियो जा रही थी।रूमा फ्लाइ ओवर से थोड़ा आगे बढ़ते ही हाईवे किनारे एक ट्रक खड़ा था।स्कार्पियो अनियंत्रित होकर ट्रक में पीछे से जा घुसी।तेज आवाज सुन आसपास के लोग मौके की तरफ भागे।लोगों
की चीख - पुकार मची थी।पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल रामादेवी भेजा।वहां से उनको एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया।स्कार्पियो सवार एक युवक, किशोर व किशोरी की मौत हो गई।शवों को सीट काटकर बाहर निकाला गया।घटना के बाद ट्रक को लेकर चालक मौके से फरार हो गया।महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया स्कार्पियो का नंबर हरियाणा का है।दिवंगत व घायलों के नाम व पतों की जानकारी अभी नहीं हो पाई है।


