औरैया-स्टेट हाईवे पर कार ने बाइक में टक्कर मार 100 मीटर तक घसीटा, दो की मौत
कुठौंद क्षेत्र के मदारीपुर पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी, जिसमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है। आरोपी चालक फरार हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

कुठौंद। संवाददाता औरैया-स्टेट हाईवे पर बुधवार दोपहर कुठौंद क्षेत्र के ग्राम मदारीपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास बने अवैध कट से निकाल रहे बाइक सवार तीन लोगों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई और तीनों सवार करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।कुठौंद थानाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि बुधवार दोपहर को सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ग्राम जखा निवासी कुलदीप 52 वर्ष, छोटे खान उर्फ कुंदन 45 वर्ष और कमलेश 30 वर्ष पुत्र एक ही बाइक से खाना खा कर लौट रहे थे।
इस दौरान ही तीनों ने मदारीपुर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे तभी जालौन की ओर बढ़े। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद भी चालक ने कार नहीं रोकी। बाइक कार में फंस गई और तीनों घायलों को 100 मीटर तक घसीटती ले गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी जालौन पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने कुलदीप और छोटे खान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कमलेश को प्राथमिक उपचार के बाद उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। थानाध्यक्ष जगदंबा प्रसाद दुबे ने बताया कि पुलिस ने कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार चालक की तलाश की जा रही है।


