कार की टक्कर से सुल्तानपुर निवासी बुलेट सवार दंपति की मौत
बदलापुर में फोरलेन हाईवे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक दंपति की मौत हो गई। सुल्तानपुर जिले के रमेश गौतम और उनकी पत्नी रीता देवी बुलेट पर यात्रा कर रहे थे, जब हादसा हुआ। रीता मौके पर ही मारी गई, जबकि रमेश को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी भी मौत हो गई।

बदलापुर, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली क्षेत्र के कलिंजरा मोड़ स्थित फोरलेन हाईवे पर रविवार की सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से सुल्तानपुर जिले के निवासी बुलेट सवार दंपति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सुल्तानपुर जनपद के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी 40 वर्षीय रमेश गौतम अपनी पत्नी रीता देवी को बुलेट पर बैठाकर सिकरारा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव अपनी रिश्तेदारी में जा रहे थे। जैसे ही कलिंजरा मोड़ के पास पहुंचे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
जिससे रीता की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रमेश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतक पांच भाईयों में दूसरे नंबर पर था तथा इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। मृतक के दो बेटों में पहला 15 वर्षीय रवि और दूसरा 12 वर्षीय रितेश के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि मृतक के छोटे भाई सुरेश की तहरीर पर चालक आरतेस सोनवानी निवासी वार्ड नंबर 12 राजमोहनी गांधीनगर सरगुजा छत्तीशगढ़ के विरुद्ध केस दर्ज कर चालक और कार को कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।


