सरिया से लदे ई-रिक्शा से एक्सप्रेसवे पर टकराई कैब, चालक की मौत
दर्दनाक: गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एवीएल सोसाइट

दर्दनाक: द्वारका एक्सप्रेसवे पर सरिया लदे ई-रिक्शा से टक्कर हुई, पिछली सीट पर बैठी महिला सवारी खौफनाक मंजर देखकर बेहोश
गुरुग्राम,प्रमुख संवाददाता। द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एवीएल सोसाइटी के पास सरिया लदे एक ई-रिक्शा में पीछे से तेज रफ्तार कैब ने टक्कर मार दी।
दुर्घटना का विवरण
टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा से बाहर निकला एक भारी सरिया कैब का अगला शीशा तोड़कर अंदर घुस गया और चालक की गर्दन तोड़ते हुए पिछली सीट तक चला गया। हादसे में कैब चालक की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई, जबकि पिछली सीट पर बैठी महिला सवारी इस खौफनाक मंजर को देखकर सदमे से बेहोश हो गई।
मृतक चालक की पहचान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे एक ई-रिक्शा सरिया भरकर गुरुग्राम से दिल्ली की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कैब ने एवीएल सोसाइटी के पास ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कैब का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और ई-रिक्शा में अवैध रूप से बाहर निकले सरियों में से एक भारी सरिया कैब के अंदर घुस गया। सरिया चालक की गर्दन को बुरी तरह तोड़ते हुए सीधा पीछे की सीट तक गया और पिछले शीशे से जा टकराया।
प्रभावित महिला सवारी
हादसे में जान गंवाने वाले कैब चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के मोहम्मदपुर नवादा गांव निवासी 22 वर्षीय शिवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। वहीं, कार की पिछली सीट पर बैठी महिला सवारी हादसे के दौरान घायल भी हुई है और अपनी आंखों के सामने हुए इस भयानक मंजर को देखकर सदमे से बेहोश हो गई। उसे तुरंत एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक शिवेंद्र के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।
ई-रिक्शा की अनियमितता
नियमों के अनुसार, द्वारका एक्सप्रेसवे के मुख्य कैरिज-वे पर ई-रिक्शा, दुपहिया और ट्रैक्टर जैसे वाहनों का चलना बिल्कुल प्रतिबंधित है। इसके बावजूद लोग नियमों की अनदेखी कर वाहन दौड़ा रहे हैं, जो बड़े हादसों का कारण बन रहे हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सुचारू कराया। सेक्टर-37 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ई-रिक्शा चालक की लापरवाही की जांच कर रही है।


