अररिया : सुंदरीमठ जा रहे बाइक सवार बम की मौत, दो महिला गंभीर रूप से घायल
अररिया से चन्दन कुमार लालू की रिपोर्ट अररिया, निज संवाददाता। अररिया-फारबिसगंज फोरलेन पर स्थित

अररिया से चन्दन कुमार लालू की रिपोर्ट अररिया, निज संवाददाता।
अररिया-फारबिसगंज फोरलेन पर स्थित मुरबल्ला चौक के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अनियंत्रित बाइक के डिवाइडर से टकरा जाने के कारण एक 'बम' की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
श्रद्धालुओं की जानकारी
मृतक की पहचान कुर्साकांटा प्रखंड के हरिया-बलचंदा गांव निवासी 35 वर्षीय देबू महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव से बाइक सवार श्रद्धालुओं का एक जत्था मनिहारी से गंगाजल लेकर जलाभिषेक के लिए बाबा सुंदरनाथ धाम जा रहा था। जत्थे की अधिकतर बाइकें आगे निकल चुकी थीं, जबकि दो बाइकें पीछे रह गई थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुरबल्ला चौक के पास देबू महतो की तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के रैलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देबू महतो और उनकी पत्नी शोभा देवी सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच, ठीक पीछे आ रही दूसरी बाइक भी दुर्घटनाग्रस्त बाइक से टकराकर अनियंत्रित हो गई,इससे उस पर सवार महिला भी सड़क पर गिरकर चोटिल हो गई।अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने घोषित किया मृत:
घटना का प्रभाव
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। ग्रामीणों की मदद से एनएचएआई की एम्बुलेंस से तीनों को इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद देबू महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक की पत्नी शोभा देवी और उसी गांव के मनोज महतो की पत्नी सोनी देवी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
गांव में शोक
हादसे की खबर जैसे ही हरिया-बलचंदा गांव पहुंची, मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। यातायात थाना की प्रभारी थानेदार खुशबू कुमारी ने बताया कि अनियंत्रित होकर बाइक के डिवाइडर से टकराने के कारण दुर्घटना हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और यातायात पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है।
अररिया फोटो 30 सोमवार को सदर अस्पताल में शव के समीप बिलाप करती मृतक की घायल पत्नी


