बोलेरो की टक्कर से वृद्ध की मौत के मामले में 11 दिन बाद दर्ज हुई एफआईआर
बलरामपुर में लिशवानगर गांव में बोलेरो की टक्कर से 63 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना 22 अगस्त को हुई थी। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिवार ने समय पर शिकायत की और कार्रवाई की मांग की।

बलरामपुर, संवाददाता। महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के लिशवानगर गांव में बोलेरो की टक्कर से वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने हादसे के 11 दिन बाद अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हादसा 22 अगस्त की दोपहर तुलसीपुर-बलरामपुर मार्ग पर वर्मा खाद-बीज भंडार के सामने हुआ था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। लिशवानगर निवासी रामकुमार वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता नाममुन (63) 22 अगस्त को घर से खेत की ओर छुट्टा जानवरों को देखने जा रहे थे। दोपहर करीब 2:40 बजे तुलसीपुर की ओर से बलरामपुर जा रही सफेद रंग की बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला मेमोरियल चिकित्सालय बलरामपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
जांच प्रक्रिया
हादसे के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई बलरामपुर नगर कोतवाली की पुलिस ने कराई। अंतिम संस्कार के बाद मृतक के पुत्र रामकुमार शोक के कारण अस्वस्थ हो गए। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्होंने दो सितंबर को महराजगंज तराई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस का बयान
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राम मोहन सिंह को सौंपी गई है। दुर्घटना में शामिल बोलेरो और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही हादसे से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


