डंपर ने बाइक सवार को रौंदा,मां बेटी की मौत, दो गंभीर
गोसाईगंज में शुक्रवार रात अनियंत्रित डंफर ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दो महिलाओं की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। सभी लोग श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मेले से घर लौट रहे थे। घटना की जानकारी पर पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

गोसाईगंज, संवाददाता,(सुलतानपुर)। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के अयोध्या-प्रयागराज मार्ग पर बाबूगंज खेड़ी गांव के सामने शुक्रवार की रात अनियंत्रित डंफर ने बाइक में टक्कर मारने के बाद दो लोगों को कूचल दिया। इस हादसे में दो की मौके पर मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के समय सभी, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गुप्तारगंज बाजार में लगे मेले को देखकर वापस घर लौट रहे थे। इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया था। घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया और थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा मौके पर पहुंचे थे।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर गांव निवासी अवधेश (28) शुक्रवार रात बाइक से अपनी भाभी रेखा (38) पत्नी राम संजीवन,भतीजे तेजस(9) और भतीजी वर्षा (12) को लेकर गुप्तारगंज बाजार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लगे मेले को देखने के लिए गए थे। रात को साढ़े दस बजे के करीब सभी घर लौट रहे थे। चारों एक ही बाइक पर सवार थे, जैसे ही उनकी बाइक बाबूगंज खेड़ी गांव के पास सजाई गई झांकी पर पहुंची, तभी अयोध्या की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मारते हुए निकल गया। इस हादसे में बाइक से गिरे दो लोगों को कूचलते हुए डंपर निकल गया। इसका परिणाम हुआ कि रेखा और उसकी पुत्री की मौत हो गई। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल देवर अवधेश, बेटे तेजस को मेडिकल कॉलेज सुलतानपुर पहुंचाया। मां-बेटी की मौत से परिवार के लोग रो-रोकर बेहाल हैं। वहीं घायल अवधेश और तेजस की हालत ठीक बताई जा रही है। वर्षा द्वारिकागंज स्थित विद्यालय में कक्षा 6 की छात्रा थी। तेजस गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता है। राम सजीवन धम्मौर स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर प्राप्त करके मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन और चालक की तलाश की जा रही है।


