गिट्टी लदे ट्रेलर ने पिकप वाहन व ट्रक में मारी टक्कर,पिकप चालक की हुई मौत
ड्रमंडगंज घाटी में एक ट्रेलर का ब्रेक फेल होने से पिकप वाहन में सवार चालक की मौत हो गई। ट्रेलर ने पिकप और मिर्च लदे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में चालक सहित अन्य लोग घायल हुए। पुलिस ने घटनास्थल से पलटे हुए वाहन को हटाने का कार्य किया। मृतक के परिजन थाने पहुंचे।

ड्रमंडगंज(मिर्जापुर)। क्षेत्र के रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान के पास रविवार की सुबह पांच बजे गिट्टी लादकर जा रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित गिट्टी लदे ट्रेलर ने बगल से गुजर रहे पिकप वाहन व आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेलर व ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग पर पलट गया। वहीं घटना में मध्य प्रदेश निवासी पिकप चालक की मौत हो गई।
घटना की जानकारी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच करते हुए घाटी में पलटे ट्रक व ट्रेलर को जेसीबी मशीन व क्रेन की मदद से किनारे करवाया। मध्यप्रदेश के सीधी जिले से गिट्टी लादकर बिहार के छपरा जा रहा ट्रेलर जैसे ही ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान पर पहुंचा तो अचानक ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रेलर बगल से नारियल लादकर जा रहे पिकप वाहन को टक्कर मारते हुए आगे चल रहे मिर्च लदे ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में मिर्च लदा ट्रक व ट्रेलर बड़का मोड़ पर पलट गया।
घायल और मृतक की पहचान
घटना में पिकप वाहन चालक 36 वर्षीय रावेंद्र बसोर निवासी गूढ़ थाना गूढ़ जिला रीवा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक 44 वर्षीय हाकिम सिंह निवासी राजपुर थाना राजपुर जिला कानपुर देहात के सिर में चोटें आई हैं। घटना में 30 वर्षीय ट्रेलर चालक भैया लाल यादव निवासी सराय गोकुल थाना सादियाबाद जिला गाजीपुर के सिर, चेहरे और पैर में चोटें लगी हैं। वही साथ में मौजूद खलासी तारा यादव निवासी गाजीपुर को सामान्य चोटें आई हैं।
अस्पताल में उपचार
घायल ट्रेलर चालक को एनएचएआई की एंबुलेंस से उपचार के लिए सीएचसी लालगंज भिजवा दिया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने गंभीर चोट को देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। घायल ट्रक चालक हाकिम सिंह ने बताया कि तेलंगाना से मिर्च लादकर गोरखपुर जा रहा था कि ड्रमंडगंज घाटी में गिट्टी लदे ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे ट्रक मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस कार्यवाही
घटना में सिर में चोटें आई हैं संयोग था कि ट्रक में मौजूद खलासी अकबर निवासी तेलंगाना हादसे में बाल बाल बच गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र हलिया में पुलिस ने उपचार करवाया। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ड्रमंडगंज राजेश कुमार, एसआई पुनीत गुप्ता,हेड कांस्टेबल घनश्याम यादव, इंद्रजीत यादव, कुलदीप कुमार ने घाटी में पलटे ट्रक व ट्रेलर को जेसीबी व क्रेन की मदद से राष्ट्रीय राजमार्ग से किनारे हटवाया। मृतक पिकप वाहन के परिजन भी रोते बिलखते हुए थाने पहुंच गए। पिकप वाहन चालक के भतीजे अनुज बसोर ने बताया कि चाचा रावेंद्र नारियल लादकर मिर्जापुर जा रहे थे कि रास्ते में दुर्घटना के शिकार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गिट्टी लदे ट्रेलर का ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित ट्रेलर की चपेट में आने से मध्यप्रदेश निवासी पिकप वाहन चालक की मौत हो गई है। घटना में ट्रेलर चालक को गंभीर चोटें आई हैं। ट्रक चालक के सिर में चोटें आई हैं उपचार करवाया गया है हालत सामान्य है। पिकप वाहन चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


