धान, मक्का व केले की फसलों का समय से कराएं बीमा
कुशीनगर के उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने किसानों को खरीफ-2026 मौसम के लिए बीमा कराने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि ऋणी किसान 31 अगस्त और गैर ऋणी किसान 14 अगस्त तक बीमा करा सकते हैं। यह योजना किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षा प्रदान करेगी।

कुशीनगर। उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने जिले के किसानों से खरीफ-2026 मौसम के लिए अपनी अधिसूचित फसलों का समय से बीमा कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत धान, मक्का और केले की फसलों का बीमा कराकर किसान प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि, सूखा, आंधी-तूफान तथा अन्य प्रतिकूल मौसम से होने वाले आर्थिक नुकसान से सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि गैर ऋणी किसान 14 अगस्त तक तथा ऋणी किसान 31 अगस्त तक अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा करा सकते हैं। पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत धान और मक्का के लिए किसानों का प्रीमियम अंश 2 प्रतिशत, जबकि केले की फसल के लिए 3 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
उप कृषि निदेशक ने स्पष्ट किया कि जो ऋणी किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल नहीं होना चाहते हैं, उन्हें 24 अगस्त तक अपनी संबंधित बैंक शाखा में लिखित आवेदन देकर योजना से बाहर (ऑप्ट-आउट) होना अनिवार्य होगा। यदि निर्धारित अवधि तक आवेदन नहीं दिया जाता है तो पात्र ऋणी किसानों का फसल बीमा नियमानुसार स्वतः कर दिया जाएगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना अपने निकटतम बैंक, जन सेवा केंद्र (सीएससी), भारत सरकार के पीएमएफबीवाई पोर्टल अथवा भारतीय कृषि बीमा कंपनी (एआईसी) के जिला एवं तहसील स्तरीय प्रतिनिधियों के माध्यम से फसल बीमा कराएं और शासन की इस जनकल्याणकारी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए भारतीय कृषि बीमा कंपनी (एआईसी) के जिला एवं तहसील स्तर पर प्रतिनिधि भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें जिला समन्वयक प्रिंस कुमार मिश्रा (मो. 9549634331) के अलावा पडरौना के लिए आकाश कुमार गोंड (8423611651), खड्डा के लिए मनीष कुमार सिंह (9721108986), कप्तानगंज के लिए शैलेन्द्र कुमार पांडेय (6394380693), हाटा के लिए जगदीप वर्मा (9450945711), कसया के लिए अभय प्रताप सिंह (8009952236) तथा तमकुहीराज के लिए आलोक गुप्ता (7518207819) से संपर्क कर किसान योजना की जानकारी एवं आवेदन संबंधी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।


