धान खरीद में किसानों को परेशानी हुई तो आंदोलन करेगी भाकियू
जसपुर में भाकियू की मासिक पंचायत में छह प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। किसानों ने धान खरीद में समस्याओं के चलते आंदोलन की चेतावनी दी। उन्होंने सरकार से मिलर्स के भुगतान का सुनिश्चित करने और धान के लिए 50 क्रय केंद्र खोलने की मांग की। युवा नेता अमनप्रीत सिंह को वरिष्ठ अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा गया।

जसपुर, संवाददाता। भाकियू की मासिक पंचायत में मंगलवार को छह प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि धान खरीद में किसानों को परेशानी हुई तो भाकियू आंदोलन करेगी। वहीं युवा ब्लॉक अध्यक्ष अमनप्रीत सिंह को वरिष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंगलवार को मंडी समिति सभागार में हुई बैठक में किसानों ने कहा कि एक अक्तूबर से धान खरीद शुरू होनी है। अधिक से अधिक किसानों का धान तुले, इसके लिए पूरे ब्लॉक में 50 धान क्रय केंद्र खोले जाएं। किसानों ने कहा कि मिलर्स ने चावल का भुगतान न होने के कारण धान खरीद से इन्कार किया है।
सरकार या तो मिलर्स का भुगतान करे या किसानों के धान की खरीद की व्यवस्था सुनिश्चित करे। किसानों ने कहा कि ऐसी व्यवस्था नहीं होने पर भाकियू आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने धान क्रय केंद्रों पर डिजिटल कैमरे और लाइट की व्यवस्था करने, आवारा पशुओं के लिए गोशाला बनाने, किसानों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये पेंशन देने तथा बारिश से धान को बचाने के लिए मंडी समिति की ओर से तिरपाल की व्यवस्था करने की मांग की। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष प्रेम सहोता, जागीर सिंह, दर्शन दयोल, जगजीत भुल्लर, अमनप्रीत सिंह, किशन चौधरी आदि रहे।


