किसानों ने उठाई सिंचाई-उर्वरक के साथ गन्ना भुगतान की समस्या
किसानों ने विकास भवन में आयोजित किसान दिवस की बैठक में सिंचाई, उर्वरक, विद्युत और गन्ना भुगतान की समस्याएँ उठाईं। सीडीओ ने अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। किसानों ने पानी, उर्वरक और बिजली की मांग की, साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ उठाने का भी आग्रह किया।

किसानों ने अधिकारियों के समक्ष कई विभागों की समस्याओं को उठाया, जिसमें प्रमुख रूप से सिंचाई, उवर्रक, विद्युत और गन्ना भुगतान से जुड़ी समस्याओं के समाधान कराने की बात रखी। जिस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। बुधवार को विकास भवन में किसान दिवस की बैठक में किसानों ने सहकारी समितियों पर समय से उर्वरक उपलब्ध कराने, धान की रोपाई को देखते हुए नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। गन्ना विभाग द्वारा गन्ना मूल्य भुगतान की स्थिति से किसानों को अवगत कराया गया।कृषि विभाग अधिकारी ने किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के चलते अधिक से अधिक फसलों का बीमा कराने के लिए प्रेरित किया, जिससे सूखा, अतिवृष्टि से होने वाले नुकसान की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता प्राप्त हो सके।
उद्यान अधिकारी रवि चंद्र जैसवाल ने विभागीय अनुदानित योजनाओं की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने कम वर्षा की स्थिति में सीमित जल से धान की उन्नत खेती एवं जल संरक्षण आधारित तकनीकों की जानकारी किसानों को प्रदान की। पशुपालन पालन अधिकारी ने बरसात के मौसम में पशुओं में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपाय बताए तथा 22 जुलाई से प्रस्तावित टीकाकरण अभियान की जानकारी दी। जिला अग्रणी बैंक ने किसानों से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने की जानकारी दी। सीडीओ वीरेंद्र सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


