आलू किसानों की समस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
छिबरामऊ, किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आलू किसानों की समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। 10 सितंबर को आयोजित किसान नेताओं की बैठक में भी हिस्सा लिया। 18 सितंबर को कन्नौज में प्रदर्शन प्रस्तावित है।

छिबरामऊ, संवाददाता। किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल ने नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश के आलू किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। क्षेत्र के कमालपुर गांव निवासी किसान नेता अच्छे खान ने बताया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 10 सितंबर को सीड बिल को लेकर तैयार किए गए प्रारूप पर चर्चा और सुझाव के लिए देश के किसान नेताओं की हाई-लेवल बैठक बुलाई थी। इसमें किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल भी शामिल हुए।
बैठक के दौरान उन्होंने किसान हित में अपने सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक समाप्त होने के बाद अजय अनमोल ने केंद्रीय कृषि मंत्री को उत्तर प्रदेश के आलू किसानों की बदहाली और उनकी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने आलू किसान आंदोलन की मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपकर किसानों को राहत दिलाने की मांग की। किसान आंदोलन के प्रदेश अध्यक्ष अजय अनमोल के नेतृत्व में किसानों ने सात सितंबर को प्रदेशव्यापी आलू आंदोलन की शुरुआत की थी। इसी क्रम में अब 18 सितंबर को कन्नौज कलक्ट्रेट पर आलू आंदोलन के तहत किसानों का प्रदर्शन प्रस्तावित है। किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए मांगों के समाधान की मांग की जाएगी।


