खाद के लिए फूटा किसानों का गुस्सा, प्रदर्शन
कांग्रेस नेता ने सरकार पर लगाए किसानों की अनदेखी के आरोप, समिति सचिव बोले- सभी ग्राम पंचायतों के किसानों को नियमानुसार बांटी जा रही है खाद (फोटो) नव

खरीफ सीजन के बीच यूरिया और डीएपी खाद की कमी को लेकर शुक्रवार को डहरपुर उर्फ बांधपुर स्थित साधन सहकारी समिति पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। खाद न मिलने से नाराज किसानों ने समिति परिसर में प्रदर्शन कर तत्काल पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना था कि धान की फसल के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण समय है और खाद की कमी से खेती प्रभावित होने के साथ आर्थिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने शासन, प्रशासन और कृषि विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि समय पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों का आरोप था कि समिति पर यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं है, जिससे उन्हें लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पीसीसी सदस्य एवं पूर्व सचिव आशीष पांडेय ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ किसान हैं, इसलिए उन्हें समय पर खाद और अन्य कृषि संसाधन उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद संकट के कारण किसान परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।


