मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की किसान ने दी चेतावनी
चकिया नगर में उत्तर प्रदेश किसान सभा का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। किसानों ने अधिकारियों से जमीन के मालिकाना हक, बिजली की समस्याएं, सिंचाई में सुधार और फसल के मुआवजे की मांग की। अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो किसानों ने आंदोलन को बढ़ाने की चेतावनी दी।

चकिया,हिन्दुस्तान संवाद। चकिया नगर के गांधी पार्क में उत्तर प्रदेश किसान सभा का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों और आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर हो रहे धरने में किसानों ने जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी से मांगों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए जोरदार नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए किसानों ने कहा कि तीन पीढ़ियों से जंगलों में आबाद गरीबों को मालिकाना हक दिया जाए और वनाधिकार कानून का पूरी तरह पालन हो। गरीबों को उजाड़ने और बुलडोजर चलाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगे। बिजली विभाग पर दलित और कमजोर वर्ग की बस्तियों में तार-पोल काटने का आरोप लगाते हुए बिजली बहाल करने, 300 यूनिट तक बिजली माफ करने और निजीकरण पर रोक लगाने की मांग की।
किसानों ने सभी बांध-बांधों और नहरों की सिल्ट सफाई कर टेल तक पानी पहुंचाने और सिंचाई में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की। बारिश से बर्बाद फसलों का 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा, गिरे मकानों के पीड़ितों को पक्का आवास, स्वामीनाथन आयोग के अनुसार एमएसपी को कानूनी अधिकार और धान का समर्थन मूल्य 3115 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग उठाई। साथ ही पिछली फसल में 1500 से 1600 रुपये प्रति क्विंटल के नुकसान की भरपाई की मांग की। किसान सभा के पदाधिकारियों ने प्रशासन द्वारा धरने का संज्ञान नहीं लेने पर नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन व्यापक किया जाएगा। इस दौरान परमानंद सिंह मौर्य, शंभूनाथ यादव, लालचंद सिंह एडवोकेट, राजेंद्र यादव सहित कई किसान मौजूद रहे।

