भीमखंदा सिंचाई योजना के बेहतर संचालन पर किसानों से चर्चा, 169 जल मित्र चुने गए
गम्हरिया में भीमखंदा माइक्रो लिफ्ट सिंचाई योजना के बेहतर संचालन और जल प्रबंधन पर किसानों के साथ बैठक की गई। अधीक्षण अभियंता कुमार अरविंद ने कहा कि योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उनका विकास करना है। बैठक में सिंचाई समस्याओं पर चर्चा हुई और जल मित्रों का चयन किया गया।
गम्हरिया। भीमखंदा माइक्रो लिफ्ट सिंचाई योजना (बीएमएलआईएस) के बेहतर संचालन और जल प्रबंधन को लेकर रविवार को खरकई वाटर यूजर्स एसोसिएशन (केडब्ल्यूयूए) की ओर से विभिन्न गांवों में किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। जोटा, गोपालपुर, लिपांगटांड़, सांगा जोटा, भरतपुर और चावरबांधा में हुई बैठकों की अध्यक्षता खरकई नहर अंचल के अधीक्षण अभियंता सह एमकेड के राज्य नोडल पदाधिकारी कुमार अरविंद ने की।उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल खेतों तक पानी पहुंचाना नहीं, बल्कि किसानों की आय बढ़ाकर उनका चहुंमुखी विकास करना भी है। इसके लिए कृषि उत्पादन बढ़ाने, बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और आधुनिक कृषि तकनीकों से किसानों को जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने की भी बात कही गई।बैठक में किसानों ने सिंचाई व्यवस्था और जल वितरण से जुड़ी समस्याएं व सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने उनकी सहभागिता को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया।इस दौरान 506 पदों में से 169 जल मित्र और 51 पदों में से 16 सहायक पानी प्रधान निर्वाचित किए गए। चयनित प्रतिनिधि जल वितरण में समन्वय, सिंचाई व्यवस्था के संचालन और किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में भूमिका निभाएंगे।


