आलू किसानों की समस्याओं को लेकर होगा आंदोलन
छिबरामऊ में भारतीय किसान संघ की बैठक हुई, जिसमें कृषि समस्याओं पर चर्चा की गई। मुख्य अतिथि राज सिंह ने किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सुझाव दिए। आलू की खेती से जुड़ी समस्याओं और किसान सम्मान निधि योजना की मांगें उठाई गईं। 25 सितंबर को धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया।

छिबरामऊ, संवाददाता। भारतीय किसान संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक शनिवार को नगर में जिलाध्यक्ष राजीव दीक्षित की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री राज सिंह ने किसानों की समस्याओं और संगठन विस्तार को लेकर मार्गदर्शन दिया। विशिष्ट अतिथि प्रान्त संगठन मंत्री कमलेश और जिला प्रभारी प्रान्त मंत्री मनीष मौजूद रहे। बैठक में किसानों ने आलू की खेती से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। आलू की ढुलाई का उचित भाड़ा निर्धारित करने, उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने और क्षेत्र में आलू आधारित प्रसंस्करण उद्योग स्थापित कराने की मांग की गई। तय किया गया कि भारतीय किसान संघ के आवाहन पर 25 सितंबर को जिला कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
किसानों ने प्रदेश में मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना लागू कर छह हजार रुपये वार्षिक अतिरिक्त सहायता देने, बंद किस्तें जारी करने, अंश निर्धारण के लिए विशेष कैंप लगाने और किसान क्रेडिट कार्ड का ऋण ब्याज मुक्त करने की मांग उठाई। कार्यक्रम का संचालन प्रान्त कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप दीक्षित ने किया। इस दौरान भानु प्रताप त्रिपाठी, अनुज दुबे, वैभव त्रिपाठी, अटल चौबे, अंकित कुमार, हरिओम दीक्षित, राजन राठौर, पूरन वर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


