किसानों की समस्याएं गूंजी, खाद और बिजली मुद्दा
किसान दिवस में किसानों ने खाद और बिजली की समस्याओं को उठाते हुए अफसरों के रवैये पर आक्रोश जताया। किसानों ने अनाज की तौल में अनियमितताओं की जांच की मांग की। सीडीओ ने किसानों की समस्याओं का गुणवतापरक निस्तारण के निदेश दिए और फार्मर रजिस्ट्री कराने की सलाह दी।

फर्रुखाबाद, संवाददाता। किसान दिवस में बुधवार को किसानों के हित से जुड़ी समस्याएं गूंजी। किसानों ने खाद और बिजली की समस्या उठाते हुये अफसरों के रवैये पर भड़ास निकाली। इसके साथ ही किसान दिवस की कई ज्वलंत समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर भी आक्रोश जताया। विकास भवन सभागार में सीडीओ विनोद कुमार गौड़ की उपस्थिति में हुयी बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आये किसान नेताओं ने अपने अपने क्षेत्र से जुड़ी किसानों के हित से जुड़ी समस्याएं उठायीं।
समस्याओं का उठान
खाद की समस्या जब किसानों ने उठायी तो अफसर संतुलित खाद का प्रयोग करने का पाठ पढ़ाने लगे। प्रगतिशील किसानों ने कई महत्वपूर्ण सुझाव और समस्या रखी। किसानों ने सरकारी मंडियों में तौल व्यवस्था को लेकर आरोप लगाये। अनाज की तौल में अनियमितताओं की जांच कराये जाने की मांग की। किसानों ने बारिश के दौरान पशुओं में फैलने वो रोगों की रोकथाम को टीकाकरण न कराये जाने का मुद्दा उठाया। इस दौरान सीडीओ ने किसानों की समस्याओं को सुनते हुये उसके गुणवतापरक निस्तारण के निदेश दिये। किसानों को सलाह दी कि फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराएं। आधार, बैंक खाता और मोबाइल नंबर को आपस में लिंक करायें। उन्होंने मृदा परीक्षण कार्यशालाएं आयोजित कराने के निर्देश दिये। डिप्टी डायरेक्टर कृषि अरविंद मोहन मिश्रा ने खरीफ फसलों का समय से फसल बीमा कराने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। उन्होंने हरित खाद, बर्मी कंपोस्ट सड़े हुये गोबर के खाद के उपयोग पर जोर दिया। जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने कहा कि कृषि बीज भंडारों पर बीज उपलब्ध है। किसान ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से पचास फीसदी अनुदान प्राप्त कर बीज प्राप्त कर सकते हैं। कृ़षि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने को ऑनलाइन बुकिंग 16 जुलाई से प्रारंभ होगी।
पशुओं का टीकाकरण अभियान
22 से पशुओं के टीकाकरण को विशेष अभियान
किसान दिवस में मुख्य पशु चि्त्सिसाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी ग्राम पंचायतों में 22 जुलाई से पशुओं के टीकाकरण का विशेष अभियान चलेगा जिससे पशुओं को रोगों से सुरक्षित रख सकें। इस दौरान जिला विकास अधिकारी एसके तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


