सोतई गांव में किसान मुआवजे की मांग पर अड़े, धरना जारी
फरीदबाद के सोतई गांव में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना 11वें दिन भी जारी है। किसान अपनी ज़मीन के वर्तमान मार्केट रेट के अनुसार मुआवजे की मांग कर रहे हैं। धरने में आसपास के गांवों के किसान भी शामिल हो रहे हैं। किसानों को उम्मीद है कि सरकार जल्द न्याय और उचित मुआवजे की व्यवस्था करेगी।

फरीदबाद, धनंजय चौहान। गांव सोतई में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना रविवार को 11वें दिन भी शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। किसान अपनी जमीन का वर्तमान मार्केट रेट के हिसाब से मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, धरना जारी रहेगा। ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण के बीच आ रहे गांव सोतई में धरने में आसपास के गांवों के किसान भी लगातार पहुंचकर अपना समर्थन दे रहे हैं। किसान आजाद तेवतिया ने बताया कि सरकार विधानसभा में शामलात भूमि को लेकर बिल लाने की तैयारी कर रही है। किसानों को उम्मीद है कि सरकार का यह कदम सोतई में चल रहे धरने और किसानों की मुआवजे से जुड़ी समस्या के समाधान में मददगार साबित होगा।आजाद
तेवतिया ने कहा कि सोतई के किसानों का धरना अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन चुका है। किसानों का आरोप है कि अधिकारियों की गलत नीतियों और निर्णयों के कारण उन्हें मुआवजे के लिए धरना देना पड़ रहा है। किसानों को उम्मीद है कि सरकार ऐसा बिल लेकर आएगी, जिससे उन्हें जल्द न्याय मिल सकेगा और अधिकारियों के गलत निर्णयों से भी राहत मिलेगी। किसान नेता बब्लू हुड्डा ने कहा कि उनका आंदोलन किसी विवाद के लिए नहीं, बल्कि न्याय और उचित मुआवजे की मांग को लेकर है। जब तक उनकी जमीन का वर्तमान बाजार भाव के अनुसार मुआवजा नहीं मिलता, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष ठाकुर धर्मवीर फौजी, नारायण सिंह, दिनेश रावत, नरेंद्र, सतपाल मास्टर, गजेंद्र, श्रीपाल, रॉकी, कैलाश, झम्मन, महेंद्र, विनोद तेवतिया समेत सैकडों महिलाएं मौजूद रही।


