अमरोहा में 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल पर होगी गेहूं की बुआई
अमरोहा के किसान रबी सीजन की फसलों के लिए तैयारियां कर रहे हैं। 15 नवंबर से गेहूं की बुआई शुरू होगी, जो दिसंबर के अंत तक चलेगी। कृषि विभाग ने किसानों को 50% अनुदान पर बीज मुहैया कराने की योजना बनाई है। जिले में 80 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुआई की जाएगी।

अमरोहा। मौसम और तापमान उपयुक्त होते ही जिले के किसान रबी सीजन की फसलों की बुआई की तैयारी में जुट गए हैं। किसान खेतों को तैयार कर आलू, सरसों की बुआई करेंगे। जिले में 15 नवंबर से गेहूं की बुआई शुरू होगी, जो दिसंबर के आखिरी सप्ताह तक चलेगी। 135 से 140 दिन में पकने के बाद अप्रैल से मई तक गेहूं की कटाई की जाएगी। गेहूं बुआई को लेकर कृषि विभाग ने भी तैयारी शुरू कर दी है। किसानों को 50 फीसदी अनुदान पर गेहूं का बीज मुहैया कराया जाएगा। जिले में 80 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल पर गेहूं की बुआई की जाएगी।
15 नवंबर से अगेती प्रजाति का गेहूं बोया जाएगा। कृषि विभाग के अनुसार जिले में गेहूं बुआई के लिए पर्याप्त प्रमाणित बीज उपलब्ध है।किसान राजकीय बीज भंडार केंद्रों से अनुदान रेट पर बीज खरीद सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जिले में खाद-उर्वरक व बीज की कोई कमी नहीं है।


