टिशू कल्चर से सिंगल बड तक, बिहार के किसान सीख रहे गन्ने की हाईटेक खेती
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में बिहार के 20 किसानों के लिए गन्ने की पैदावार बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण में किसानों को टिशू कल्चर, सिंगल बड और एसटीपी विधि का उपयोग कर गन्ना उत्पादन के वैज्ञानिक तरीके सिखाए जा रहे हैं।

शाहजहांपुर। गन्ने की पैदावार बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए बिहार के किसान अब शाहजहांपुर में आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद में बिहार के भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमुर जिलों से आए 20 किसानों के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रशिक्षण में किसानों को टिशू कल्चर तकनीक से बीज गन्ना तैयार करने से लेकर सिंगल बड और एसटीपी विधि से नर्सरी तैयार करने तक की जानकारी दी जा रही है। मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के तहत बिहार सरकार ने इन किसानों को प्रशिक्षण के लिए शाहजहांपुर भेजा है।
गन्ना आयुक्त, बिहार के निर्देश पर सहायक निदेशक ईख विकास, भोजपुर (आरा) के नेतृत्व में प्रशिक्षण दल यहां पहुंचा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य गन्ना एवं चीनी उत्पादन में सार्थक वृद्धि के लिए किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों से परिचित कराना है।पांच दिवसीय प्रशिक्षण में किसानों को गन्ने की उन्नत और नवीन प्रजातियों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही बीज गन्ना संवर्धन के लिए टिशू कल्चर तकनीक, सिंगल बड और एसटीपी विधि से नर्सरी तैयार करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। किसानों को बताया जाएगा कि बेहतर गुणवत्ता वाले बीज और वैज्ञानिक विधियों का इस्तेमाल कर गन्ने की फसल का उत्पादन बेहतर किया जा सकता है। प्रशिक्षण में गन्ने की खेती में मशीनीकरण, प्राकृतिक खेती और गन्ना उत्पादन की शस्य तकनीक पर भी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। वैज्ञानिक किसानों को खेती के विभिन्न चरणों से जुड़ी तकनीकों की सैद्धांतिक जानकारी देने के साथ ही उनका प्रायोगिक प्रशिक्षण भी देंगे।


